सोनीपत। राजमिस्त्री की डंडे से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं कमीज से फंदा बना उसका गला भी घोटा गया है। गांव भठगांव में हुई हत्या की वारदात में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बली ब्राह्मणान निवासी ब्रह्मा ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा भगवान दास राजमिस्त्री का काम करता था। वह बुधवार सुबह छह बजे काम पर निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। वह उसकी तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। वीरवार को उनके रिश्तेदार गांव भठगांव निवासी सुरेंद्र ने बताया कि यहां के एक खेत में भगवान दास का शव पड़ा है। जिस पर वह खेत में पहुंचा। वहीं ग्रामीणों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि भगवान दास की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की गई है। इतना ही नहीं उसके गले में कमीज से फंदा बनाकर उसका गला भी घोंटा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पिता ब्रह्मा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो भाइयों में बड़ा था भगवान दास
ब्रह्मा ने बताया कि उनके दो बेटों में भगवानदास बड़ा था। वह शादीशुदा था और परिवार का गुजर-बसर करने के लिए राजमिस्त्री का काम करता था।
राजमिस्त्री की हत्या के मामले में मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। - दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत