खरखौदा के मंडोरा गांव में कई मांगों को लेकर धरना शुरू करवाते किसान नेता रमेश दलाल। स्रोत: पाठक
खरखौदा। गांव मंडोरा में कई मांगों को लेकर सोमवार को धरना शुरू किया गया। धरने पर बैठे लोगों की मांग है कि जाट, त्यागी, बिश्नोई और रोड को ओबीसी श्रेणी में आरक्षण दिया जाए। सम गोत्र में विवाह को गैरकानूनी करार दिया जाए। सोनीपत-खरखौदा तक मेट्रो का विस्तार जल्द किया जाए। वहीं जमीन अधिग्रहण कानून में संशोधन किया जाए।
जनता की आवाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान नेता रमेश दलाल ने कहा कि सरकार को सबसे पहले खरखौदा और सोनीपत में मेट्रो का विस्तार करना चाहिए। इसके बाद ही अधिग्रहण होने वाली जमीन के भाव में वृद्धि हो सकती है, लेकिन सरकार अभी यहां मेट्रो लेकर नहीं आना चाहती। सरकार की मंशा पहले क्षेत्र की जमीन अधिग्रहित करने की है। इससे जमीन कम दामों पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार जमीन कौड़ियों के भाव में लेकर उद्योगपतियों को देना चाहती है। उनकी मांग है कि छह जातियों जिसमें जाट, त्यागी, बिश्नोई, सिख जाट, रोड और मूला जाट शामिल हैं। इन्हें ओबीसी श्रेणी में शामिल करते हुए आरक्षण दिया जाए। वहीं वह चाहते हैं कि सम गोत्र विवाह को सरकार गैरकानूनी करार दे।
बहादुरगढ़ में 24 को होगी सर्वजाति संसद
किसान नेता रमेश दलाल ने कहा कि 24 फरवरी को केएमपी टोल प्लाजा, बहादुरगढ़ में सर्वजाति संसद का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए वह सोनीपत में भी निमंत्रण दे रहे हैं। इससे सर्व समाज एक जगह बैठकर बेहतर निर्णय ले और अपनी मांगों को मंजूर करवाने की दिशा में आगे बढ़े। कहा कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले आंदोलन के माध्यम से सभी मांगे मनवाने की रूपरेखा बनाई जाएगी।