कुट्टू के आटा से बने पदार्थ खाने से एक साथ सैकड़ों लोगों के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
सोनीपत। कुट्टू के आटे से बने पदार्थ खाने से एक साथ सैकड़ों लोगों के बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। मरीजों के अस्पताल पहुंचने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चिकित्सकों ने मरीजों से बात कर कुट्टू के आटे के विक्रेताओं को चिह्नित किया। चिकित्सकों ने अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन के माध्यम से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सौंपी। जिसके बाद टीम हरकत में आई चिह्नित दुकानों पर छापा मारने की कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता से उप निरीक्षक सुनील कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने सेक्टर-14 में दहिया किराना स्टोर पर छापा मारा, लेकिन यहां पर कुट्टू का आटा नहीं मिला। बीमार होने पर कई लोग दुकानदार को शिकायत देने पहुंचे थे, लेकिन दुकानदार व लोगों में बहस हो गई। टीम ने यहां से साबुत कुट्टू का सैंपल भरकर जांच के लिए भेज दिया। इसके बाद टीम ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र में आटा चक्की पर छापा मारा। गांव गढ़ी टिकौला निवासी सुभाष ने बताया कि वह ऑर्डर पर अनाज की पिसाई करता है। सुभाष ने बताया कि उसने 16 मार्च से कुट्टू, सामक व सिंघाड़े की पिसाई शुरू की थी। उसने टीम को शहर के आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों के नाम बताए। वह अब तक शहर में 100 क्विंटल आटा सप्लाई कर चुका है। दुकानदार ने बताया कि वह दिल्ली से साबुत कुट्टू, सामक व सिंघाड़े लाता है।
व्यापार मंडल ने बुलाई किराना दुकानदारों की बैठक
जिला व्यापार मंडल के गुड़ मंडी स्थित अग्रसेन भवन में किराना दुकानदारों की बैठक बुलाई। जिसमें भाजपा नेता राजीव जैन ने व्यापारियों को शुद्ध व ताजा आटा बेचने की अपील की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कोई भी दुकानदार तुरंत प्रभाव से कुट्टू व सामक का आटा नहीं बेचेगा। जनता से अपील की कि कुट्टू व सामक मोटे अनाज की श्रेणी में आते हैं, जिनको पहले कई घंटे पानी में भिगोकर रखना पड़ता है और फिर जितना खाना हो जरूरत के अनुसार उसी को पीस कर खाए। इस दौरान चेयरमैन संजय वर्मा, प्रधान संजय सिंगला, संयोजक नवीन मंगला, संरक्षक रामनारायण गोयल, किराना एसोसिएशन के प्रधान नवीन गर्ग समेत अनेक व्यापारी मौजूद रहे।