सोनीपत। बेखौफ झपटमार लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। झटमारों ने एक घंटे के अंतराल में चिकित्सक की पत्नी का मंगलसूत्र व महिला का मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागरिक अस्पताल में उप चिकित्सा अधीक्षक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ सेक्टर-12 निवासी डॉ. गिन्नी लांबा ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात को करीब आठ बजे अपनी पत्नी डॉ. रश्मि के साथ घूमने निकले थे। वह घूमते हुए सेक्टर-12 में घर से कुछ दूर पहुंचे तो इसी दौरान एक बाइक सवार उनकी पत्नी का मंगलसूत्र झपटकर भाग गया। पुलिस ने झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं सेक्टर-14 में बाइक सवार स्कूटी पर जा रही महिला का मोबाइल छीन लिया। ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सोनिया ने बताया कि वह सोमवार रात नौ बजे अपने पति संजीव विनायक के साथ स्कूटी पर बाजार से घर जा रही थी। जब सेक्टर-14 के सामने पहुंची तो बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल छीन लिया। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।