गोहाना। गांव घड़वाल में एक निजी कंपनी के मैनेजर को ऋण की किस्त मांगना महंगा पड़ गया। किस्त चुकाने के बजाय उनकी डंडों से पिटाई कर दी गई। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और मैनेजर को छुड़वाया। मैनेजर को घायलावस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। बरोदा थाना पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर दंपती समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सिवानका निवासी रौनक ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में सेकेंड मैनेजर है। कंपनी से गांव घड़वाल निवासी सुनील की पत्नी अनु ने ऋण ले रखा है। वह अनु से लोन की किस्त लेने के लिए गांव घड़वाल गए थे। अनु ने जुलाई की किस्त नहीं दी थी। वह अनु और उसके पति सुनील से किस्त को लेकर बात कर रहे थे। तभी दोनों उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। वह बाइक लेकर गोहाना की तरफ चल पड़े। उसी समय सुनील के दोस्त गुरप्रीत और अश्विनी आए और उन्हें पकड़कर डंडे से पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आकर उन्हें आरोपियों से छुड़वाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।