शहर के बाईपास पर सोनीपत व खांडा के बीच खेतों के कच्चे रास्ते पर अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह खेत की तरफ गए किसान ने शव पड़ा देखकर मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची खरखौदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव ही पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वार्ड-15 निवासी बिजेंद्र सैनी ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह अपने खेत में जा रहा था। खेत के कच्चे रास्ते पर उसे एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। उसकी सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मजीत व सीआईए खरखौदा प्रभारी योगेंद्र सिंह अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव के पास एक मोबाइल कवर, चप्पल व पानी की दो लीटर की बोतल बरामद की है। पुलिस ने वहां मिले सामान को कब्जे में ले लिया है। पुलिस उनके आधार पर भी व्यक्ति की पहचान का प्रयास कर रही है।