सोनीपत। गांव जौली में भांजे की शादी में भात भरने आए मामा रोहतक जिले में गांव बराण निवासी सुरेश (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह सुरेश का शव जौली-लाठ चौक के निकट सडक़ के किनारे पड़ा मिला। सदर थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से शादी की खुशियों पर मातम छा गया है। जौली निवासी शीलू की सोमवार को बारात जानी है। रविवार को गांव में खानपान के साथ भात भरने की रस्म थी। बराण निवासी सुरेश व उनके दो-तीन परिजन गांव जौली में भांजे शीलू की शादी में भात भरने आए थे। बताया गया है कि रविवार रात को भातियों में आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद गांव बराण से कई व्यक्ति गांव जौली पहुंचे और सुरेश को गाड़ी में बैठा कर ले गए। सोमवार सुबह सुरेश का शव जौली-लाठ चौक से जौली गांव की तरफ जाने वाली सडक़ के किनारे झाडिय़ों में पड़ा मिला। सुरेश की माथे में गोली मारकर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी जयप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।