फोटो :21: गांव छिछड़ाना के बुजुर्ग की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
गोहाना। गांव छिछड़ाना के किसान की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव छिछड़ाना का रहने वाला नरेश कुमार है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर रिश्ता कराने वाले बिचौलिया की हत्या का आरोप है।
मूलरूप से गांव छिछड़ाना फिलहाल छपरा निवासी अजीत ने बरोदा थाना बताया था कि उनके पिता धनीराम, मां व उनका छोटा भाई अजय पैतृक गांव में रहते हैं। 25 जुलाई को नौ बजे गांव का ही बिल्लू उनके पिता को बाइक पर बैठाकर हिसार लेकर गया था। रात करीब साढ़े 11 बजे गांव के भगत सिंह, प्रदीप, नरेश उर्फ नेशा और दो अन्य युवक उनके पास आए और कहा कि उनके पिता को चोट लगी है और वह हिसार के अस्पताल में भर्ती हैं। वह उनके साथ जाने से मना कर दिया था। बाद में अजीत ने अपने भाई अजय से बात की तो पता लगा कि गांव के सहदेव, प्रदीप, नरेश उर्फ नेशी, बिल्लू और दो अन्य लोग सुबह ही उनके पिता को साथ लेकर गए थे। साथ ही उन्होंने उसके व ताऊ प्यारे लाल के साथ भी मारपीट की थी। बाद में पिता को मृत अवस्था में फेंक गए थे। पुलिस ने अजीत की शिकायत पर सहदेव, प्रदीप, नरेश उर्फ नेशी, बिल्लू और अन्य के खिलाफ हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।बरोदा थाना पुलिस ने मामले में आरोपी पूर्ण व मोहित को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि नरेश उर्फ नेशी की शादी धनीराम ने मई में हिसार की युवती से करवाई थी। शादी के बाद से ही नरेश उर्फ नेशी और उनकी पत्नी में मनमुटाव हो गया था। नरेश अपने साथियों के साथ उसे लेने के लिए हिसार गया था। साथ में वह बिचौलिया धनीराम को लेकर गया था। वहां पर धनीराम ने दूसरे पक्ष पर ज्यादा दबाव नहीं बनाया था। इससे नरेश को गुस्सा आ गया। वहां से आने के बाद उन्होंने धनीराम की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया है।
फोटो :21: गांव छिछड़ाना के बुजुर्ग की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।