बहालगढ़ स्थित ढाबे पर तोड़फोड़ के बाद लगाई आग में जला सामान। संवाद
- फोटो : Sonipat
बहालगढ़ में शिव शंकर ढाबा पर आगजनी से पहले लूटपाट और तोड़फोड़ की गई थी। साथ ही ढाबा संचालक व उनकी साझेदार महिला को पीटा गया था। बुलडोजर चलाकर ढाबा को गिरा दिया और आग लगा दी। वहां पर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। ढाबा की महिला संचालक का अपहरण कर ले जाने के बाद पीटकर खेत में फेंक दिया। वहीं ढाबा से एक लाख दो हजार रुपये सहित लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। आरोपियों ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियां तोड़ दी और कागजात में आग लगा दी। ढाबे की जमीन को लेकर संचालक का भूमि मालिक के बीच विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जींद जिले के गांव बहादुरगढ़ निवासी विकास सिंह ने थाना बहालगढ़ पुलिस को बताया कि वह बहालगढ़ में शिव शंकर नाम से ढाबा चलाते हैं। जिसमें गांव छिछडाना की सुमन भी साझेदार हैं। इस ढाबे को उन्होंने गांव चौहान जोशी के रहने वाले अनूप कुमार से किराये पर लिया हुआ है। उनका किराये का एग्रीमेंट दो साल पहले समाप्त हो गया था। उसके बाद से ढाबा को खाली करने को लेकर विवाद होने पर मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
रविवार देर शाम को ढाबा के मालिक अनूप के बेटे राजू, बिरजू, सुनील, रामनिवास और राजेंद्र अपने गांव के कई लोगों को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने पहुंचते ही बुलडोजर से ढाबा पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। ढाबा को नष्ट करने के साथ ही वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो फ्रिज, स्कूटी, बुलेट बाइक व कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। उन्होंने अलमारी से सवा एक लाख रुपये, दो जोड़ी पाजेब, चार कंगन, कानों के झुमके, 17 तोले की चांदी की चेन, दो सोने की व तीन चांदी की अंगूठी लूट लिए। उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके साथ ही पार्किंग में खड़ी कई कारों के कागजात काउंटर से निकालकर आग लगा दी। ढाबा का अन्य जरूरी सामान भी जला दिया। विकास सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ढाबा से सुमन का अपहरण कर खेत में ले गए और पिटाई कर फेंक दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में आरोपी धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मामले में लूटपाट, मारपीट, अपहरण व नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ढाबा संचालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ठोस कार्रवाई की जाएगी। -इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी बहालगढ़