राई। नेशनल हाईवे-44 पर रुके ट्रक चालक पर हमला कर तीन बदमाशों ने उसे बंधक बनाकार में डाल लिया। बदमाश चालक को सुनसान जगह पर छोड़कर 30 टन चावल से भरा ट्रक लूटकर भाग गए। पीड़ित ने राहगीर की मदद से ट्रक मालिक को मामले से अवगत कराया। मालिक के आने के बाद कुंडली थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके।
मूलरूप से बिहार के जिला समस्तीपुर के गांव खेमपुर निवासी नीतीश कुमार ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह चार माह से पंजाब के जालंधर स्थित गांव शेरपुर शेख निवासी परमिंदर सिंह के ट्रक पर चालक हैं। वह 28 जून की रात को ट्रक में 30 टन धान भरकर पंजाब के तरनतारन से दिल्ली के अलीपुर पहुंचाने के लिए चला था। वह 30 जून की आधी रात को कुंडली के जाटी मोड़ पर पहुंचे थे। वह ट्रक में अकेले थे। उन्होंने कुंडली जाटी मोड़ पर गोदाम के गार्ड को साथ लेकर जाने के लिए गाड़ी को रोक दिया। जब उन्होंने ट्रक को रोका तो इसी दौरान तीन युवक जबरदस्ती ट्रक की खिड़की खोलकर अंदर घुस गए। उन्होंने गाड़ी में घुसते ही उस पर लात-घुस्सों से हमला कर दिया। एक युवक ने उनकी गर्दन दबाकर उसे सीट के पास नीचे गिरा दिया। उसके बाद वह ट्रक को लेकर चल दिए। कुछ दूर जाने के बाद उन्होंने उसे ट्रक से उतारकर एक सफेद रंग की कार में बंधक बना लिया। उसके बाद वह कार को लेकर चलते रहे। सुनसान जगह पर जाने के बाद उन्होंने उसे कार से उतार दिया और कार व उनका ट्रक लेकर भाग गए। उनके जाने के बाद उन्हें काफी देर बाद एक राहगीर मिला, जिससे मोबाइल लेकर उसने ट्रक मालिक परमिंदर को मामले से अवगत कराया। परमिंदर ने मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम हाईवे पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके साथ ही सफेद रंग की कार का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
चावल से भरा ट्रक लूटने की शिकायत मिली थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी कुंडली