कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस- वे पर पिपली टोल के पास कार सवार लुटेरों ने सिगरेट से भरे कंटेनर चालक के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांधकर इसराणा के पास उतार दिया। इसके बाद बदमाश सिगरेट से भरे कंटेनर को लेकर फरार हो गए। बंधनमुक्त होने के बाद कंटेनर चालक ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पलवल के गांव धुडावली के रहने वाले जफरूदीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कपूर डीजल गैरज प्राइवेट लिमिटेड का कंटेनर चलाता है। उसने रविवार को आईटीसी कंपनी से कंटेनर में सिगरेट लोड की और सुबह छह बजे जयपुर के लिए चल पड़ा। जब वह पानीपत से होता हुआ कुंडली पहुंचा व केएमपी पर चला तो पिपली टोल क्रॉस करने के बाद एक कार उसके कंटेनर के आगे आकर रुक गई। जिस पर उसे भी अपने कंटेनर को रोकना पड़ा। उस कार में से पहले एक युवक उतरकर आया और उससे कहने लगा कि उसने अपने कंटेनर से उसकी कार में टक्कर मारी है। वह कुछ कह पाता इससे पहले ही कार में से तीन-चार युवक और उतरकर आए और उसके केबिन में चढ़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने के साथ ही उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। जिसके बाद वह कंटेनर को लेकर चल पड़े। थोड़ी देर बार उन्होंने उसे कंटेनर से नीचे उतारकर अपनी कार में डाल दिया, इस दौरान उसका मोबाइल भी कंटेनर में ही रह गया। शाम को करीब सात बजे वह उसे इसराणा गांव में रोहतक मार्ग पर खेतों में उतारकर फरार हो गए। इसके बाद वह बंधक मुक्त होकर एक ढाबे पर पहुंचा और वहां पर एक गाड़ी वाले को घटना के बारे में बताकर उसके फोन से सिगरेट मालिक को फोन किया। जिसके बाद करीब 9 बजे कंपनी का मैनेजर विकास खन्ना अपने साथी के साथ उसके पास पहुंचा। इसके बाद उन्होंने कंटेनर की तलाश की तो असौदा के पास उसे खड़ा किया गया था। जांच करने पर पाया कि उसमें सिर्फ 58 कार्टून ही रखे हैं, जबकि 634 कार्टून गायब मिलें। मामले की शिकायत खरखौदा पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।