सोनीपत। गोहाना के जींद रोड स्थित शराब ठेके के साथ बने कमरे से शराब बेचने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईए गोहाना व आबकारी विभाग की टीम ने 350 पेटी अवैध शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक कृष्ण ने बताया कि सीआईए गोहाना की टीम ने सूचना दी कि जींद रोड पर एक ठेके के पिछले दरवाजे से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। जिस पर सीआईए की टीम के साथ मौके पर जाकर छापा मारा तो वहां ठेके के पीछे बने कमरे से ठेके में घुसकर शराब बेच रहा सेल्समैन टीम को देखकर भाग गया। जिस पर मकान मालिक को बुलाकर ठेके में जांच की गई। ठेके के अंदर अलग-अलग मार्का की 350 पेटी शराब बरामद की गई। पूछताछ में पता लगा कि सेल्समैन जींद के गांव गतौली का रहने वाला जयभगवान था। ठेके के पीछे बने कमरे के अंदर से पुलिस ने करीब साढ़े आठ हजार रुपये व रजिस्टर मिला। पुलिस ने मामले में सेल्समैन समेत दो ठेकेदारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।