खरखौदा। नेशनल हाईवे-334बी के पास सोनीपत चौक पर सीआईए-1 की टीम ने तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप पकड़ी है। शराब को गोहाना से वाया खरखौदा होते हुए कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के रास्ते बिहार लेकर जाना था। टीम ने खरखौदा में ही दो गाड़ियों को पकड़ लिया, इसमें से 2160 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। टीम ने एक गाड़ी के चालक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान करनाल की विकास कॉलोनी निवासी मोनू है। दूसरी गाड़ी का चालक मौके से भाग गया। सीआईए-1 सोनीपत की टीम एएसआई सुरेंद्र के नेतृत्व में गश्त पर थी। टीम को सूचना मिली कि गोहाना और करनाल के दो युवक शराब तस्करी कर बिहार लेकर जाने वाले हैं। इस पर टीम ने सोनीपत चौक पुल के पास नाका लगा दिया। दो गाड़ी मौके पर पहुंची तो पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर एक कार चालक उतरकर भाग गया। एक को पुलिस ने पकड़ लिया। उसकी पहचान मोनू के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों कारों के अंदर से 2160 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।