दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में खेली जा रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष व महिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार खेल दिखाया। रविवार को हुए मुकाबलों में पुरुष वर्ग में चेन्नई व भुवनेश्वर और महिला वर्ग में हैदराबाद व दिल्ली की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। सोमवार को इन टीमों के बीच सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।
डीसीआरयूएसटी में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। देशभर के 32 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया है। विश्वविद्यालय के टेनिस एरिना में तीसरे दिन पुरुष व महिला वर्ग के मुकाबले कराए गए। मैच जीतने के लिए खिलाड़ियों ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक एवं प्रतियोगिता के आयोजक सचिव डॉ. बीरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पुरुष वर्ग में चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय व भुवनेश्वर के केआईआईटी की टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग में हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय व दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. सुखदीप सिंह, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के खेल उप निदेशक डॉ. राकेश मलिक, प्रशिक्षक बीरबल वढेरा व निखिल हुड्डा मौजूद रहे।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं ये टीमें
पुरुष वर्ग में चेन्नई के एसआरएस विश्वविद्यालय, गुजरात विश्वविद्यालय, चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर के केआईआईटी व कुरुक्षेत्र के कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कोयंबटूर के भरतियार विश्वविद्यालय व रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की टीम ने बेहतर प्रदर्शन आधार पर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। वहीं महिला वर्ग में हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, पुणे के सावित्री बाई फुले विश्वविद्यालय, चेन्नई के एसआरएम, भुवनेश्वर के केआईआईटी, राजस्थान के जैन विश्वविद्यालय, राजस्थान विश्वविद्यालय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले
पहला मुकाबला : पुरुष वर्ग में एसआरएम विश्वविद्यालय चेन्नई व शिवाजी विश्वविद्यालय कोल्हापुर के बीच मैच खेला गया। चेन्नई ने 3-1 के अंतर से मैच जीता।
दूसरा मुकाबला : गुजरात विश्वविद्यालय और काशी विद्यापीठ वाराणसी के बीच हुआ। यह मैच गुजरात ने एकतरफा 3-0 के अंतर से जीता।
तीसरा मुकाबला : महिला वर्ग में दिल्ली विश्वविद्यालय ने राजस्थान विश्वविद्यालय को एकतरफा 2-0 से हराया।