सोनीपत। जिले में बेखौफ बदमाश लगातार वारदात कर रहे हैं। बदमाशों ने प्याऊ मनियारी में सडक़ पर जा रहे युवक को पिस्तौल दिखाकर बैग छीन लिया। जिसमें लैपटाप व अन्य जरूरी कागजात थे। वहीं सेक्टर-12 में घूमने निकले युवक की सोने की चेन छीन ली गई। कुंडली व सिविल लाइन थाना पुलिस ने लूट के मुकदमें दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मूलरूप से राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव वस्ववंता खुर्द फिलहाल मैक्स हाईट ड्रीम होम कुंडली निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह सोमवार को बैग लेकर जैन धर्म कांटा प्याऊ मनियारी के पास से गुजर रहा था। सुनील कुमार ने बताया कि इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता युवकों ने उसे पिस्तौल दिखाकर काबू कर लिया। युवकों ने उससे बैग छीन लिया। उसके बैग में लैपटाप, डायरी, बाइक के कागजात व अन्य कागजात थे। बदमाश उन्हें लेकर फरार हो गए। सुनील कुमार ने मामले से कुंडली थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं शहर के सेक्टर-12 निवासी आर्यन विज ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह सुबह घूमने के लिए सेक्टर-12 में गया था। जब वह सेक्टर-12 के अंदर सडक़ से गुजर रहा था तो इसी दौरान लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। युवकों ने सिर में हेलमेट लगाया था और चेहरे पर मास्क लगाए थे। दोनों युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन उसने विरोध किया। जिस पर वह जबरन उसकी चेन छीनकर फरार हो गए। उसने उनका पीछा किया, लेकिन वह भाग निकले। उनकी बाइक की नंबर प्लेट पर कोई नंबर भी नहीं लिखा था। उसने मामले से सिविल लाइन थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।