सोनीपत। कीर्ति टैलेंट योजना के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण प्रतिभाशाली जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों का प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयन कर रहा है। चयनित खिलाड़ियों की सूची को प्रदेश सरकार के साथ साझा किया जाएगा। जो खिलाड़ी किसी अन्य योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें प्रदेश सरकार की योजनाओं में शामिल किया जाएगा। इससे वह अपने खेल स्तर को बेहतर बना सकेंगे।
भारतीय खेल प्राधिकरण के निदेशक शिवम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले व आसपास के जिलों के करीब दो हजार से अधिक जूनियर खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया। खेलों में विजेता खिलाड़ियों की सूची बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 से 31 जुलाई को कीर्ति टैलेंट की ट्रायल रोहतक के साई सेंटर में आयोजित होंगे। इसके बाद कुरुक्षेत्र में योजना के तहत ट्रायल आयोजित कराए जाएंगे। पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मार्च में चंडीगढ़ से कीर्ति टैलेंट योजना को शुरू किया था। योजना के तहत 9-14 वर्ष की आयु के जूनियर खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं कराई गई हैं।