फोटो - जौली गांव के खेतों में धान की सीधी बीजाई का निरीक्षण करने के दौरान उपस्थित कृषि अधिकारी।
गोहाना। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अनिल सहरावत ने मंगलवार को उपमंडल के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को अच्छी पैदावार के सुझाव दिए। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सहरावत ने कहा कि डीएसआर सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य भूमिगत जल का संरक्षण करना है। पारंपरिक विधि में खेत में पानी खड़ा रखना पड़ता है। डीएसआर में कम पानी में धान की फसल तैयार होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गोहाना उपमंडल में 8430 किसानों ने करीब 45020 एकड़ में डीएसआर के लिए पंजीकरण कराया। सत्यापन के बाद 5327 किसानों के 23411 एकड़ क्षेत्र में डीएसआर की पुष्टि हुई। उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. राजेंद्र मेहरा ने किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा और एग्रीस्टैक किसान आईडी की जानकारी दी। इस मौके पर तकनीकी सहायक डॉ. विपिन सैनी, खंड कृषि अधिकारी डॉ. जिनेंद्र कुमार, एटीएम ज्योति और किसान जगबीर, संदीप व सुरेश मौजूद रहे। संवाद