सोनीपत। चिंतपूर्णी कॉलोनी में रक्षा मंत्रालय के अंबाला स्थित भंडार विभाग की कर्मी के बंद घर का ताला तोड़कर चोर आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़िता को पड़ोसियों ने ताले टूटे होने की सूचना दी। जब वह घर पहुंची तो चोरी का पता लगा। मामले को लेकर सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चिंतपूर्णी कॉलोनी निवासी रितिका ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह अंबाला स्थित सीएसडी कैंटीन में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी मां आशा छाबड़ा के साथ अंबाला में अपने मकान में रह रही हैं। वह 30 मई को सोनीपत के घर से अंबाला गए थे। उनको 19 जून को सूचना मिली कि घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना के बाद वह अपने घर पर सोनीपत पहुंचे। घर पर मुख्य गेट के साथ ही अंदर कमरों के भी ताले टूटे हुए थे। कमरे में रखी अलमारी को भी तोड़ा गया था। अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, हीरे की अंगूठी और सोने के झुमके चोरी मिले। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार देर शाम चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम चोरों का पता लगाने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।