सोनीपत। अलग-अलग स्थानों पर चोर दो मकानों को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण, नकदी व सूट चोरी कर ले गए। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। सिटी थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए है। पुलिस टीम मामलों की जांच कर रही है।
मूल रूप से दिल्ली के शाहबाद की रहने वाली लक्ष्मी राणा ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ अशोक विहार की गली नंबर-1 में किराए पर रहती हैं। वह परिवार के साथ गांव लड़सौली में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में गई थीं। जब वह वापस लौटीं तो मकान के ताले टूटे थे। अंदर जाकर जांच की तो तीन सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, दो जोड़ी कानों की बालियां, सोने की अंगूठी, हीरे की अंगूठी, चांद-सूरज, ओम, बच्चों के खिलौने, पाजेब, करीब 90 हजार रुपये की नकदी चोरी मिली। वहीं मकान मालिक के कमरे से भी चोर सोने के आभूषण और चांदी के आभूषण चोरी मिले। शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है।
वहीं, चोर देव नगर की गली नंबर-1 निवासी संगीता के घर से नकदी व सामान ले गए। उनके पति हरियाणा पुलिस में ट्रेनिंग कर रहे हैं। ट्रेनिंग के चलते वह बाहर हैं। महिला ने बताया कि वह घर पर ताला लगाकर मायके गई थी। बाद में पड़ोसी का फोन आया और चोरी होने की सूचना दी। मौके पर जाकर जांच की तो मकान से 25 हजार रुपये, 50 सूट और चांदी के आभूषण चोरी मिले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।