सोनीपत। कुंडली क्षेत्र की पांच फैक्टरी में नामी कंपनियों के स्टीकर लगाकर जींस बनाई जा रही थी। गुरुग्राम स्थित कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर छापामार कर पांच फैक्टरी से जींस की पेंट बरामद की हैं। गुरुग्राम स्थित कंपनी के मैनेजर अमन ने शिकायत दी थी कि उनकी कंपनी ने अलग-अलग कंपनियों के साथ करार किया है। इसी के तहत जींस पेंट बनाने की एक कंपनी के साथ करार है। मैनेजर ने बताया कि सूचना मिली थी कि कंपनी के ब्रांड के नाम पर कुंडली में अवैध तरीके से जाली स्टीकर लगाकर जींस तैयार कर बेची जा रही हैं। शिकायत पर पुलिस ने कंपनी अधिकारियों के साथ मिलकर कुंडली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में चल रही फैक्टरी से 368 जींस, उसके साथ ही फैक्टरी 225 जींस, प्याऊ मनियारी स्थित कंपनी से 279 जींस बरामद की। साथ ही एक फैक्टरी से 322 जींस और शिव मॉडर्न स्कूल के पास स्थित फैक्टरी से 423 जींस बरामद की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।