गोहाना। सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी में रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जन आशीर्वाद रैली में संबोधित करेंगे। रैली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली भी पहुंचेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने बताया कि रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंडाल को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। रैली रविवार को शाम चार बजे शुरू होगी।
गोहाना विधानसभा क्षेत्र से टिकट लेने वालों की लंबी सूची है। टिकट के लिए करीब 35 से 40 नेता हैं जो जन आशीर्वाद रैली में अपनी दावेदारी पेश करने के लिए पोस्टर लगाने और भीड़ जुटाने की होड़ में लगे हुए है। रैली की तैयारी से पहले ही रैली स्थल पर नेताओं के बड़े-बडे बोर्ड लगे हुए हैं। भाजपा के नेता टिकट की दौड़ में अपना नाम शीर्ष पर करने के लिए भीड़ जुटाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। जिला अध्यक्ष का कहना है कि रैली में 30 से 40 हजार आदमी पहुंचने की उम्मीद है।
स्वाभिमान रैली में आज पहुंचेंगे गन्नौर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
गन्नौर। गांव सनपेड़ा के राजकीय स्कूल के मैदान में जोगी समाज हरियाणा की स्वाभिमान रैली 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी। जिसमें बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। रैली संयोजक भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक पंडित मोहनलाल बड़ौली होंगे। रैली में पंचायत एवं सहकारिता राज्यमंत्री महीपाल ढांड़ा, विधायक निर्मल चौधरी, भाजपा नेता देवेंद्र कादियान, पूर्व सांसद संजय भाटिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र बड़खालसा समेत कई नेता शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेदपाल जोगी जिलाध्यक्ष बागपत व जोगीनाथ समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन सुभाष जोगी करेंगे।