गोहाना। रोहतक-पानीपत हाईवे पर पिछले महीने कार की टक्कर से घायल युवक की रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसको लेकर युवक के पिता ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने कार चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव रभड़ा निवासी जसबीर ने पुलिस को बताया कि वह 21 अक्तूबर को अपने बेटे पवन (21) के साथ बाइक पर रोहतक में निजी काम कर गोहाना आ रहे थे। जब वह शाम करीब साढ़े आठ बजे रोहतक-पानीपत हाईवे पर गोहाना बाईपास पर पहुंचे तो वहां उसने लघुशंका के लिए बाइक रुकवा ली। इस दौरान उसका बेटा बाइक के पास ही खड़ा थी। उसी समय रोहतक की तरफ से एक कार आई और उसके बेटे पवन को सीधी टक्कर मार दी। शनिवार को उसके बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस पर उसने कार चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने कार चालक पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। संवाद