सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी में आढ़ती ने आठ-दस युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि वह उनके गले से सोने की चेन और नकदी भी छीन ले गए।
आढ़ती रविंद्र ने पुलिस को बताया कि नई सब्जी मंडी में श्री गणेश फ्रूट कंपनी के नाम से दुकान कर रखी है। शनिवार को सब्जी की गाड़ी मंडी में पहुंची थी। उसी समय महमूदपुर रोड निवासी सोनू भी ट्रैक्टर लेकर आ गया। सब्जी से भरी आयशर गाड़ी का टायर ट्रैक्टर से सट गया, जिससे ट्रैक्टर चालक और आढ़ती के बीच कहासुनी हो गई। मामला शांत होने के बाद सोनू आठ-दस लोगों को लेकर उसकी आढ़त की दुकान पर आ गया। उन्होंने उनके भाई उमेद और रविंद्र के साथ मारपीट कर दी। रविंद्र ने आरोप लगाया कि आरोपी झगड़े के दौरान उनके गले से चेन और दुकान से करीब ढाई लाख रुपये उठा ले गए। आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर आढ़तियों ने सब्जी मंडी का गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। मंडी अधिकारियों और शहर थाना प्रभारी बदन सिंह के आश्वासन पर मंडी के गेट को खोल दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।