फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: शोभायात्रा में गुलाल और फूलों की होली खेल गणपति बप्पा को दी विदाई

Wed, 18 Sep 2024 05:54 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 46- सोनीपत के फैज बाजार में भगवान गणेश जी की शोभायात्रा निकालते श्रद्धालु। संवाद
विज्ञापन
सोनीपत। शहरभर में चल रहे गणपति महोत्सव का मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर भगवान गणेश जी के विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। जहां गणेश चतुर्थी पर शहरभर के प्रसिद्ध मंदिरों, जगह-जगह पंडाल सहित घरों में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष व पुष्प वर्षा के साथ विघ्नहर्ता का स्वागत किया गया था। वहीं, आज शहरभर की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने शोभायात्रा निकाल गुलाल व फूलों की होली खेलते हुए नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी।
विज्ञापन

पांडव नगरी में दस दिनों तक श्रद्धालु कहीं संकीर्तन, पूजा-अर्चना, डांडिया नाइट व महाआरती का आयोजन कर भक्ति के रस से सराबोर रहे। मंगलवार को देर शाम श्रद्धालु शोभायात्रा निकाल गांव रोहट स्थित पश्चिमी यमुना नहर पर पहुंचे, जहां गौरी पुत्र गजानन का विसर्जन कर उन्हें विदाई दी गई। शहर के मुख्य मार्गों पर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष की गूंज रही। इससे पहले दिनभर कहीं गणपति पूजन तो कहीं हवन कर भंडारा लगाया गया। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीगणेश से धन-धान्य, संपत्ति व सुख-समृद्धि की कामना की।

मधुर भजनों से विघ्नहर्ता का किया गुणगान
हंस वाहिनी महिला मंडल व श्री सिद्ध हनुमान मंदिर समिति, जीवन नगर के संयुक्त तत्वावधान में मंदिर परिसर में चल रहे द्वितीय गणेश महोत्सव विसर्जन के साथ संपन्न किया गया। मंडल व समिति के पदाधिकारियों ने गणेश जी की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा निकाली। दोपहर को रसिक मोनू मनचंदा ने संकीर्तन कर मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। तत्पश्चात महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालु गुलाल व फूलों की होली खेलते नहर पर पहुंचे, वहां नम आंखों से गणपति बप्पा का विसर्जन किया। मंडल की प्रधान मीनाक्षी सिंह, हनुमान मंदिर के प्रधान गुलशन, वेद सिंह टंडन, डॉ. पूरन, नीलम यादव, सरिता मिश्रा, मीनू टंडन, वीनू चुघ, सीमा साहू, कुसुम व नेहा शर्मा मौजूद रही।
विज्ञापन



महाआरती कर गणेश जी का किया विसर्जन
युवा शक्ति सेवा समिति, रोहतक रोड की ओर से मिशन रोड पर चल रहा तृतीय गणपति महोत्सव मंगलवार को शोभायात्रा व भगवान गणेश के विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। समिति सदस्यों ने भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना कर महाआरती की। तत्पश्चात समिति पदाधिकारी श्रद्धालुओं के साथ शोभायात्रा निकाल गणपति विसर्जन के लिए रवाना हुए। भगवान गणेश को भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में अश्वनी गोयल, रामनारायण, अनिल, मुकेश जैन, सोनू, सुरेश, राकेश, अनुराग, राजकुमार, पंकज, प्रेमराज, मनोज, विजय, महेंद्र, ऋषिराज, विकास, नरेंद्र व अमित मौजूद रहे।


शोभायात्रा में जमकर उड़ा गुलाल व फूल
श्री गणपति शरणम् धर्मार्थ सोसायटी की ओर से सर्राफा एवं गंज बाजार में चल रहे गणपति महोत्सव के समापन पर विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। श्रद्धालुओं ने गुलाल व फूलों से जमकर होली खेली। इसके बाद नहर में गणेश जी का विसर्जन किया गया। प्रधान रवि पाटिल, महासचिव कैलाश, मनोहर गलवे उप प्रधान, रमेश सुतार व अमोल शिंदे मौजूद रहे।

सुंदर झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
गणपति ग्रुप की ओर से फैज बाजार में चल रहे 7वें गणपति आगमन समारोह का शोभायात्रा व गणपति विसर्जन के साथ समापन किया गया। सर्वप्रथम भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। तत्पश्चात फैज बाजार से शोभायात्रा प्रारंभ कर मुख्य मार्गों से होते हुए पश्चिमी यमुना नहर पर पहुंची। शोभायात्रा में नासिक ढोल व सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गणपति बप्पा की विदाई में श्रद्धालुओं का खूब हजूम उमड़ा। आयोजक विपिन नंदा, श्याम सुंदर, सोनू कक्कड़, निखिल नंदा, सोनू कालरा, दीपक चौहान, चिंटू कक्क्ड़, नितिन चावला, मनीष शर्मा, अमित, बंटी कालरा व शुभम गुप्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें