सोनीपत। चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स के दौरान कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष और महिला टीम छाई रही। पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 61-14 और महिला टीम ने नेपाल को 61-17 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पुरुष टीम में सोनीपत के दो और महिला टीम में तीन खिलाड़ियों ने शानदार खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। महिला कबड्डी टीम के हाई परफॉमेंस डायरेक्टर एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी रामबीर खोखर ने कहा कि दोनों वर्ग में टीम शानदार खेल दिखा रही है और स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार है।
एशियन गेम्स में शुक्रवार को खेले गए कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय दल ने शुरू से ही शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने 61-14 अंक से जीत दर्ज की। भारत ने आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई। पुरुष टीम में सोनीपत के भैंसवाल के प्रवेश और कथूरा के सुरजीत ने बेहतर प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम के अंक जुटाए। भारतीय टीम की जीत से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
वहीं महिला वर्ग ने भी शानदार प्रदर्शन कर नेपाल की टीम को हराया। टीम ने 61-17 अंक से जीत दर्ज की। महिला टीम में भैंसवाल की मुस्कान, बिचपड़ी की साक्षी और रिंडाना की पूजा नरवाल ने बेहतरीन भूमिका निभाई। महिला कबड्डी टीम के हाई परफॉमेंस डायरेक्टर एवं द्रोणाचार्य अवार्डी रामबीर खोखर ने कहा एशियन गेम्स में दोनों टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों ही वर्ग में टीम स्वर्ण पदक जीत सकती हैं।