राठधना-नरेला रोड स्थित एक विवि के सामने एबीसीडी कैफे में वीरवार देर रात अवैध हुक्का, शराब व बीयर बार चलने की सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने छापा मारा। पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ पहुंची टीम को वहां से करीब 200 युवक-युवतियां मिले। सभी नशे में चूर थे। बताया जा रहा है कि उनमें ज्यादातर छात्र-छात्राएं थीं। पुलिस ने मौके से कैफे के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि रात को करनाल टीम में नियुक्त इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को अवैध हुक्का-बीयर व शराब बार चलाने की सूचना मिली थी। जिस पर टीम को साथ लेकर तुरंत मौके पर छापा मारा गया। उनके साथ आबकारी विभाग के एईटीओ कश्मीर चंद कंबोज भी थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि करीब एक एकड़ खाली जगह पर कनात (टेंट) लगे थे, जिसमें 15 से 20 की संख्या में टेबल-कुर्सियों पर बैठकर करीब 150-200 युवक-युवतियां शराब, बीयर व फ्लेवर हुक्का व ई-सिगरेट पी रहे थे। वेटर उन्हें शराब, बीयर व खाने-पीने का सामान दे रहे थे। पुलिस ने काउंटर पर बैठे दो युवकों को पकड़ कर लाइसेंस दिखाने के लिए कहा तो वे नहीं दिखा सके। उनकी पहचान गांव असावरपुर निवासी प्रदीप व लिवासपुर निवासी पंकज के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पंकज व प्रदीप पर बिना लाइसेंस अहाता चलाकर युवक-युवतियों को शराब, बीयर, सिगरेट व फ्लेवर हुक्का पिलाने के आरोप में भादंसं की धारा 269, 270, 72सी, आबकारी अधिनियम व 21 (1) कोटपा एक्ट 2003 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने मौके से 130 अलग-अलग मार्का की बीयर व शराब, 32 कैन बीयर, 16 पव्वे, ई-सिगरेट, सात फ्लेवर हुक्के व एक बड़ा हुक्का बरामद किया है। युवक-युवतियों को सामाजिक तौर पर समझाने के बाद चेताते हुए छोड़ दिया गया।
किराये पर जमीन लेकर चला रहे थे कैफे और अहाता
आरोपी पंकज व प्रदीप ने बताया कि जहां कैफे बना रखा है वह जमीन राठधना के बिल्लू व एक एकड़ खाली जगह राठधना के विकास से किराये पर ली गई है। कैफे की जमीन को बिल्लू से 10 हजार रुपये महीना और कनात लगा युवक-युवतियों को बैठाने के लिए एक एकड़ जमीन 1.10 लाख रुपये महीना किराये पर ली है। आरोपी यहां 20 से 25 दिन से कैफे चला रहे थे।
देर रात छापा मारकर अवैध कैफे को पकड़ा है। वहां पर युवक-युवतियों को शराब, बीयर व फ्लेवर हुक्का व ई-सिगरेट पिला रहे थे। युवक-युवतियों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा था। इस तरह के कैफे किसी सूरत में नहीं चलने दिए जाएंगे। कैफे में मिले युवक-युवतियों को ऐसी जगह नहीं आने के लिए चेताया गया है। उन्हें सामाजिक तौर पर समझाया गया कि इस उम्र में ऐसे स्थान पर आना उनके भविष्य के लिए घातक हो सकता है। - अजीत सिंह, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता।
राठधना-नरेला रोड पर अवैध कैफे के संचालक व कर्मियों से बातचीत करते डीएसपी अजीत व अन्य। संवाद- फोटो : Sonipat
राठधना-नरेला रोड पर अवैध अहाते में बैठे युवक-युवती। संवाद- फोटो : Sonipat