बहादुरगढ़। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जाखौदा और आसौदा टोडरान गांव के राजस्व क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ तोड़फोड़ अभियान चलाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट व आसौदा थाना पुलिस की मौजूदगी में करीब ढाई एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अनधिकृत कॉलोनियों और एक अवैध निर्माण को हटाया गया। जाखौदा में आधा एकड़ में विकसित की जा रही कॉलोनी की पूरी कच्ची सड़कें जेसीबी से ध्वस्त की गईं। आसौदा टोडरान में करीब दो एकड़ में विकसित कॉलोनी में निर्माणाधीन दो ढांचे और 15 डीपीसी तोड़ी गईं तथा कच्चा सड़क नेटवर्क भी ध्वस्त किया गया। जाखौदा के राजस्व क्षेत्र में नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम-1963 के प्रावधानों के तहत किया गया एक अनधिकृत निर्माण भी हटाया गया। एसडीएम अभिनव सिवाच ने कहा कि नियंत्रित क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी या निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।