सोनीपत के लघु सचिवालय में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार। स्र
सोनीपत। बारिश के दौरान कहीं पर भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित विभाग जिम्मेदार होगा। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीम पूरी तरह अलर्ट रहें और फील्ड में जाकर जलभराव के संभावित क्षेत्रों का दौरा करें, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न ना हो। यह निर्देश उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने वीरवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दिए। इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने आपदा प्रबंधन को लेकर जिला उपायुक्तों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। जिसमें बारिश के कारण जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने निर्देश दिए कि शहर में कोई भी नाला बिना सफाई के नहीं रहना चाहिए। संबंधित विभाग बारिश के मद्देनजर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। जनस्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जलभराव न हो, इसके लिए मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
जलनिकासी का तत्परता से करें प्रबंध
उपायुक्त ने कहा कि जहां कहीं भी जलभराव की स्थिति पैदा होती है, वहां संबंधित विभाग जल निकासी के लिए तत्परता से कार्यवाही करते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। नालों की सफाई न होने के कारण जलभराव न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बिजली निगम बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति में बिजली के तारों की मॉनिटरिंग अवश्य रखें और कहीं भी करंट का प्रवाह न हो, इसका विशेष ध्यान रख जाए।