सोनीपत। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने हरियाणा बोर्ड की परीक्षाओं को नकल रहित सपन्न करवाने को लेकर रविवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सोमवार को बोर्ड परीक्षा में अगर किसी भी प्रकार की शिकायत आई तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के चलते जिला में कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 7 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील व 18 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। सभी जगह अलग से तैयारी की गई है। अगर किसी परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप की शिकायत मिली तो उस परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया जाएगा। बैठक में पुलिस आयुक्त नाजनीन भसीन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया मौजूद रहे।