खरखौदा/राई। खंड विकास एवं पंचायत कार्यालयों में बुधवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुशील मलिक ने अधिकारियों के साथ सरपंचों व ग्राम सचिवों की बैठक ली। इस दौरान सरपंचों ने गांवों के विकास कार्यों के लिए ग्रांट मांगी, जिस पर सीईओ सुशील मलिक ने कहा कि गांवों के विकास कार्य के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है, लेकिन पंचायतों के खातों में पहले से रखे पैसे को खर्च नहीं किया जा रहा है। जब तक उक्त राशि को खर्च नहीं कर दिया जाता है, नई ग्रांट नहीं भेजी जाएगी।
खरखौदा में सीईओ सुशील मलिक ने ग्राम सचिवों व जेई को फटकार लगाते हुए कहा कि वह काम में कोताही बरत रहे हैं और बेवजह पेमेंट रोकने का काम कर रहे हैं। वहीं एस्टीमेट तैयार करने में भी समय लग रहा है, जिससे विकास में देरी हो रही है। ऐसा अगर भविष्य में होता है तो वह कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने सरपंचों की मांग पर कहा कि प्रत्येक दो हजार की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की जा सकती है। जिस गांव में चौकीदार नहीं है इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। उन्होंने सरपंचों को कहा कि गांवों में ग्राम सचिवालय, खेल स्टेडियम व ई-लाइब्रेरी बनाने की तरफ कदम बढ़ाएं। इस र जिप अध्यक्ष मोनिका दहिया, ब्लाक अध्यक्ष सितेंद्र, बीडीपीओ दीपिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।