गोहाना(सोनीपत)। प्रदेश की जनता जिस दिन का 10 साल से इंतजार कर रही थी वह दिन आ गया है। सभी एकजुट होकर भाजपा को हराने का काम करें। इस अवसर को चूकना नहीं है याद रखना, अभी नहीं तो कभी नहीं। यह बात रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को नई सब्जी मंडी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। मंगलवार को वह बरोदा से विधायक इंदुराज नरवाल व गोहाना से विधायक जगबीर मलिक के नामांकन के बाद नई सब्जी मंडी में हुई जनसभा पहुंचे थे।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को पोर्टल, प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी में उलझा दिया। युवाओं को सीईटी में उलझा दिया। पक्की भर्ती के बजाए ठेकेदारी प्रथा लाकर युवाओं को बेरोजगार कर दिया। किसान, मजदूर, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर, सरपंच, खिलाड़ी, बेटियां समेत ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा, जिस पर सरकार ने अत्याचार न किया हो। इस छुटकारा पाने का समय आ गया है। कार्यक्रम में सोनीपत सांसद पं. सतपाल ब्रह्मचारी समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।