खरखोदा के सैदपुर में महिला की हत्या के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : AMAR UJALA
सोनीपत। गांव सैदपुर में वीरवार रात एक युवक ने अपनी पत्नी की शेविंग ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने अपना गला भी काट लिया। सूचना के बाद पहुंची सैदपुर चौकी पुलिस ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया है। जहां पर उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मकान मालिक के बयान पर युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार यूपी के जिला पीलीभीत के गांव मोहनपुरा का रहने वाला रामबीर (26) अपनी पत्नी देवसती (21) व तीन वर्षीय बच्ची के साथ सैदपुर में एक किराये के मकान में रहता है। वह सैदपुर स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता है। गुरुवार की रात को घर में हुई कहासुनी के बाद रामबीर ने अपनी पत्नी के गले पर शेविंग ब्लेड से वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद युवक ने अपने गले को भी काट लिया। जिससे वह बेसुध हो गया। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीजीआई, रोहतक में पहुंचाया वहीं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। सैदपुर चौकी इंचार्ज चांद का कहना है कि युवक ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश की है। कारणों का पता नहीं लग सका है। आसपास के लोगों से प्रारंभिक पूछताछ में पता लगा है कि रात को उनके घर से झगड़े का शोर आ रहा था। यह किसी को नहीं पता था कि रामबीर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे देगा। पुलिस ने यूपी में महिला के परिजनों से भी संपर्क किया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।