सोनीपत/गोहाना। होली पर्व के मौके पर शरारती तत्वों ने जमकर हुड़दंग मचाया। इस दौरान शहर के साथ ही कई गांवों में भी लोग आपस में भिड़ गए। अलग-अलग स्थानों पर हुए झगड़ों में 66 लोग घायल हो गए। उन्हें सोनीपत व गोहाना के नागरिक अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिनमें से कई घायलों को खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होली फाग के दिन शहर और आसपास के गांवों में लोगों ने छोटी-छोटी बातों में झगड़ा कर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। सोमवार सुबह से ही घायल लोगों का उपचार कराने के लिए पहुंचना शुरू हो गया था। इनमें लहराड़ा निवासी ईश्वर सिंह, विशाल नगर निवासी राजेश, रामनगर निवासी गायत्री, प्याऊ मनियारी निवासी सौम्या, सेक्टर-15 निवासी अनीश, सेक्टर-16 निवासी अन्नू, न्यू कबीरपुर निवासी मोनिका, दीपांशु, समेत कई लोग शामिल है। उन्हें सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। होली पर हुड़दंग के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में पुलिस तैनात की गई थी। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई घटना को रोकने के लिए पुलिस दिन भर दौड़ती रही। बावजूद इसके कई जगह रंग लगाने को लेकर महिलाओं से अभद्रता भी हुई। साथ ही कई जगह तनाव पर लड़ाई झगड़े हुए और 66 लोग घायल हुए हैं।
ओपीडी में रही मरीजों की भीड़
होली पर्व के चलते रविवार व सोमवार के दिन ओपीडी बंद रही। मंगलवार को ओपीडी चालू होने पर मरीजों की भीड़ लगी रही। अन्य दिनों की बजाय ओपीडी में 30 फीसदी मरीजों की संख्या अधिक रही। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 1800 मरीज और उपमंडल नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 900 के करीब मरीज पहुंचे। अस्पताल में ओपीडी पर्ची बनवाने के साथ ओपीडी में चिकित्सक कक्ष के बाहर दिनभर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। काफी देर बाद नंबर आने पर मरीजों को चिकित्सक से उपचार मिल सका।