सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में गृहकर जमा कराने वाले प्रॉपर्टी मालिकों की सुविधा के लिए खोला गया। शनिवार को छुट्टी के दौरान 31 लोग नगर निगम कार्यालय में गृहकर जमा कराने पहुंचे। लोगों ने 73 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये गृहकर ऑनलाइन जमा कराया। लोगों ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से संपत्तिकर पर छूट का लाभ उठाया। निगम में शनिवार को 1.23 लाख रुपये गृहकर जमा हो सका। नगर निगम की ओर से चालू वित्त वर्ष में 14.46 करोड़ रुपये गृहकर के रूप में जुटाए जा चुके हैं। छूट का फायदा 29 फरवरी तक दिया जाएगा। भवन मालिक स्व प्रमाणित करके इसका लाभ उठा सकते हैं। छूट की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण रविवार को अवकाश के दिन भी कार्यालय खुला रहेगा। जिससे लोग गृहकर जमा कराने के दौरान दी गई छूट का लाभ मिल सकें। निगमायुक्त विश्राम मीणा ने बताया कि रविवार को कोई भी व्यक्ति निगम कार्यालय में आकर अपना कार्य करा सकते हैं। अवकाश के दिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं देना है। जिससे अंतिम दिनों में कार्यालय में छूट का लाभ लेने वालों की भीड़ नहीं लगे।