संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ग्रुप डी के लिए 21 व 22 अक्तूबर को होने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। दो सत्रों में होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर विभिन्न जिलों से करीब 84 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। जिला प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने की कवायद में जुटा हुआ है। वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की।
सीईटी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने वीरवार को लघु सचिवालय में सभी अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों की बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि सीईटी का पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजन करवाना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे सीईटी के लिए ईमानदार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं। यदि किसी पर शंका हो तो उसे स्वयं परीक्षा से दूर रखें। सीईटी में गड़बड़ी की कोई गुजाइश नहीं है। किसी ने कोई दुस्साहस करने का प्रयास किया तो तुरंत पकड़ मेें आ जाएगा। बैठक में नोडल अधिकारी एवं एसडीएम निर्मल नागर, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मित्तल, राकेश जुनेजा, किरण गुप्ता सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एसडीएम गन्नौर को सौंपी नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी
उपायुक्त ने बताया कि सीईटी के लिए एसडीएम गन्नौर निर्मल नागर को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। सीईटी के लिए 53 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 21 व 22 अक्तूबर को दोनों दिन दो शिफ्ट में करीब 84 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्हें केंद्रों तक पहुंचने में कोई समस्या न हो इसके लिए बस अड्डा परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 21 व 22 अक्तूबर को होने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के सफल आयोजन के उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त व संबंधित अधिकारियों संग राज्यस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने सीईटी के आयोजन की तैयारी को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने भरोसा दिया कि परीक्षा पूर्ण ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
परीक्षा से पहले करें जैमर की व्यवस्था
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश व्यवस्था व जैमर पर विशेष रूप से अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। परीक्षा से पहले ही जैमर की जांच करें। केंद्रों में ड्यूटी स्टाफ की निगरानी के लिए भी जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों की ड्यूटी रहेगी। परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्ति को ही मोबाइल फोन की अनुमति रहेगी। अन्य किसी को मोबाइल फोन या अन्य प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक आइटम केंद्र मेंं ले जाने की अनुमति नहीं है।
अभ्यर्थियों के ठहरने की करें उचित व्यवस्था
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने एक दिन पहले आने वाले अभ्यर्थियों के लिए ठहरने के भी उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।
21 और 22 अक्तूबर को लागू होगी धारा 144
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. मनोज कुमार ने 21 व 22 अक्तूबर को सुबह 10 से 11:45 बजे और दोपहर बाद 3 से शाम 4:45 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रों की परिधि में धारा 144 लागू करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के हथियार लेकर केंद्रों की 500 मीटर की परिधि में नहीं चल सकता।
चार या इससे अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। दोनों दिन सुबह 9 से शाम 6 बजे तक फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। कोई भी उम्मीदवार, मोबाइल फोन, कागज या अन्य इलेक्ट्रॉनिक व संचार यंत्र के साथ केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकता। आदेश की अवहेलना करने वाले के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात पुलिस व कर्मचारियों पर लागू नहीं होंगे।