फोटो 14 नरवाना। चौराहों और शहीद स्मारकों से हटाए जा रहे होर्डिंग। स्रोत राहगीर।
नरवाना। शहर के प्रमुख चौराहों और शहीद स्मारकों को होर्डिंग व प्रचार सामग्री से मुक्त करने के लिए नगर परिषद की ओर से मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। दोपहर के समय शुरू हुए अभियान में परिषद की टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगे होर्डिंग और प्रचार बोर्ड हटाए। नगर परिषद की टीम ने भगवान परशुराम चौक, अग्रसेन चौक, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, विश्वकर्मा चौक और उधम सिंह चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई की। इसके अलावा शहीद स्मारकों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए प्रचार बोर्ड भी हटाए गए। कार्रवाई के बाद चौकों और स्मारकों के आसपास का क्षेत्र साफ और व्यवस्थित नजर आया। सफाई निरीक्षक विशाल की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान ऐसे होर्डिंग हटाए गए, जिनसे शहर की सुंदरता और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। उन्होंने शहरवासियों, दुकानदारों और विभिन्न संस्थाओं से अपील की कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की प्रचार सामग्री न लगाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल सभी की साझा संपत्ति हैं। इन्हें स्वच्छ और व्यवस्थित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर परिषद की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आगे भी निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।