सोनीपत। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी के कर्मचारियों ने वीरवार से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने जिला नागरिक अस्पताल स्थित केंद्र में धरना दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते आईसीटीसी, एसटीआई,ओएसटी, एफआईएआरटी केंद्र पूर्ण रूप से बंद रहे। यहां रोजाना एचआईवी जांच कराने और दवा लेने के साथ काउंसिलिंग कराने आने वाले करीब 300 मरीजों व गर्भवतियों को परेशानी हुई। काफी इंतजार के बाद जब मरीजों को पता चला कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं तो वह नाराजगी जताते हुए लौट गए।
हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल वेलफेयर एंप्लाइज एसोसिएशन के सदस्य शिवानी, समुंद्र, प्रदीप, ज्याेति, सरोजबाला ने बताया कि सरकार से उनकी मांग है कि कर्मचारियों के लिए एनएचएम की तर्ज पर सेवा नियम बनाए जाए। अन्य राज्यों की तर्ज पर कर्मचारियों को स्टेट शेयर दिया जाए और वेतन बढ़ोतरी की जाए। इन्हीं मांगों को लेकर जिलेभर में एड्स कंट्रोल सोसाइटी के 28 कर्मचारियों ने 29 व 30 जुलाई को काली पट्टी बांधकर काम किया था। उसके बाद भी सरकार ने मांगों को लेकर कोई कदम नहीं उठाया। अब सभी धरने पर चले गए हैं। सोसाइटी के तहत आने वाले सभी केंद्र आईसीटीसी, एसटीआई,ओएसटी, ब्लड बैंक, एफआईएआरटी पूर्ण रूप से बंद रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांग को नहीं माना तो वह 5 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल के साथ पंचकूला में मुख्यालय के समक्ष धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान सुरेंद्र, निशा सहरावत, कुसुम, राधा, जितेंद्र, व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कमरे पर लटका रहा ताला
हड़ताल के दौरान नागरिक अस्पताल में इनके कमरे पर ताला लटका रहा। दोपहर 12 बजे तक काफी मरीज कमरे के बाहर गैलरी में इंतजार करते रहे। हड़ताल की जानकारी मिलने पर लौट गए। मरीजों ने आरोप लगाया कि इसकी सूचना पहले से चस्पा करनी चाहिए थी। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी के कर्मचारियों ने केंद्र के दरवाजे पर चस्पा नहीं करवा रखी है।