सोनीपत। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुनी गई हिमांशी व भाला फेंक में कांस्य पदक विजेता शुभम का सोमवार को साउथ प्वाइंट डिग्री कॉलेज में पहुंचने पर स्वागत किया गया।
यह प्रतियोगिता 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित की गई। जिसमें साउथ प्वाइंट डिग्री कॉलेज की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हिमांशी ने स्वर्ण पदक और बीए प्रथम वर्ष के छात्र शुभम ने भाला फेंक में विश्वविद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों एथलीट को सोमवार को कॉलेज पहुंचने पर साउथ प्वाइंट ग्रुप के चेयरमैन दिलबाग सिंह खत्री व कॉलेज की निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. ममता सचदेवा ने बधाई दी। दिलबाग सिंह खत्री ने बताया कि हिमांशी ने अपने पहले ही प्रयास में 400 मीटर दौड़ को 54.13 सेकेंड में पूरा करते हुए स्वर्ण पदक जीता। हिमांशी ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की बेस्ट एथलीट-2022 का खिताब भी अपने नाम किया। वहीं बीए प्रथम वर्ष के शुभम ने 52.39 मीटर भाला फेंक एमडीयू रोहतक में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। विश्वविद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ एथलीट बनी हिमांशी अब 20 से 23 दिसंबर तक भुवनेश्वर में होने वाली नॉर्थ ईस्ट ऑल यूनिवर्सिटी खेलों में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक का प्रतिनिधित्व करेगी। चेयरमैन दिलबाग सिंह खत्री व डॉ. ममता सचदेवा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में प्रतिभागिता करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान साउथ प्वाइंट ग्रुप के वाइस चेयरमैन रोहित खत्री, मुख्य कार्यकारी अधिकारी भावना कालरा व कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।