प्रदेश सरकार ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। जिले में सोनीपत, गोहाना, कथूरा और खरखौदा के दो-दो स्कूलों के नाम बदले जाएंगे।
हरियाणा के सोनीपत में राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब स्वतंत्रता सेनानियों व देश के प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बारे में जान सकेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत प्रदेश के 509 स्कूलों के नाम शहीदों के नाम पर रखने जा रही है। इसमें सोनीपत के आठ स्कूल शामिल हैं।
विज्ञापन
शिक्षा विभाग के सभी रिकॉर्ड और वेबसाइट पर इन सरकारी स्कूलों का नाम बदलकर शहीदों के नाम पर अपडेट किया जा रहा है। सरकार के इस कदम से शहीदों के परिजन खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की तरफ से स्कूलों के नाम वहां के शहीदों के नाम पर रखे जाने की घोषणा की गई है।
इनमें प्रदेश के 358 उच्च, वरिष्ठ, माध्यमिक स्कूल और 151 माध्यमिक व प्राथमिक पाठशालाएं शामिल हैं। इन स्कूलों का नाम उस गांव के स्वतंत्रता सेनानियों व देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के नाम पर रखा जा रहा है। इससे जहां युवा पीढ़ी को शहीदों की शहादत के बारे में जानने का अवसर मिलेगा, वहीं उनके दिल में देशभक्ति की भावना भी जागृत होगी।
विज्ञापन
चार ब्लॉक से दो-दो स्कूल शामिल
स्कूलों का नाम बदलकर वहां के स्वतंत्रता सेनानियों या वीर शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे। इसमें जिले से सोनीपत, गोहाना, कथूरा व खरखौदा खंड के दो-दो स्कूलों को शामिल किया गया है। इन स्कूलों में कुछ स्कूलों के मुख्य द्वार पर नाम बदलकर लिखवा भी दिया गया है।
सोनीपत में शहीदों के नाम से जाने जाएंगे यह स्कूल
खंड
शहीद
स्कूल
सोनीपत
स्वतंत्रता सेनानी महावीर प्रसाद जैन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शहजादपुर
सोनीपत
स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चंदन सिंह
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बैंयापुर लहराड़ा
गोहाना
शहीद सुखबीर सिंह
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रुखी
गोहाना
स्वतंत्रता सेनानी बाबू मूलचंद जैन
राजकीय उच्च विद्यालय, सिकंदरपुर माजरा
कथूरा
शहीद सिपाही कप्तान सिंह
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धनाना
कथूरा
शहीद महावीर सिंह
राजकीय उच्च विद्यालय, भंडेरी
खरखौदा
शहीद रविंद्र सिंह दहिया
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहणा
खरखौदा
शहीद राय सिंह
राजकीय प्राथमिक पाठशाला, झरोंठी
कहां कितने स्कूलों के नाम बदले
रेवाड़ी 94
भिवानी 85
जींद 61
पलवल 38
रोहतक 36
चरखी दादरी 28
झज्जर 28
गुरुग्राम 25
कैथल 21
महेंद्रगढ़ 16
हिसार 13
फतेहाबाद 10
अंबाला 08
फरीदाबाद 08
कुरुक्षेत्र 08
सोनीपत 08
यमुनानगर 05
पंचकुला 05
पानीपत 05
सिरसा 04
करनाल 02
नूंह 01
कुल 509
जिले के 8 स्कूलों के नाम बदलकर शहीदों के नाम पर रखे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की यह अच्छी पहल है। इससे विद्यार्थियों को वीर शहीदों को जानने का अवसर मिलेगा। उनमें देशभक्ति की भावना भी जागृत होगी। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।