गोहना। गांव सरगथल के एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। रविवार सुबह सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। गांव सरगरथल निवासी अशोक (35) का शव ग्रामीणों ने रविवार सुबह सगरथल-कनाना भादरी मार्ग पर नहर किनारे कीकर के पेड़ पर फंदे पर लटकता देखा। ग्रामीणों ने इस बारे में अशोक के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सदर थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की कमर और हाथों पर कपड़ा भी निपटा हुआ था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अशोक को कुछ दिन पहले गले में दर्द हुआ था। उसने किसी से झाड़-फूंक भी करवाई थी, लेकिन आराम नहीं हुआ। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के भाई प्रवीन के बयान दर्ज करके नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।