संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव रोहट से चचेरे भाई के शादी समारोह में शामिल होने हरसाना की तरफ आ रहे युवक की कार गांव हरसाना मोड़ पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई और उनका साथी घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत से शादी की खुशियों में मातम पसर गया है।
गांव रोहट निवासी सतपाल रविवार रात को अपने दोस्त सुमित के साथ चचेरे भाई की शादी में शिरकत करने के लिए हरसाना के पास स्थित गार्डन में आ रहे थे। उनकी कार जब हरसाना मोड़ के पास पहुंची तो अचानक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन गाड़ी से अलग होकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। वहीं कार टेढ़ी खड़ी हो गई। राहगीरों ने दोनों को कार से निकाला और मामले की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने सतपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके साथी सुमित को इलाज के लिए खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शादी की खुशियों में छाया मातम
रविवार को सतपाल के चचेरे भाई की शादी का भोज था। जिसके बाद सोमवार को बरात जानी थी। हादसे के बाद परिवार की खुशी मातम में बदल गई। परिवार के युवक की मौत के कारण शादी की महज औपचारिकता ही हो पाई। ग्रामीण हादसे को लेकर चर्चा करते रहे।