गन्नौर। गांव गढ़ी झंझारा में दो भाइयों ने मिलकर किराना स्टोर संचालक पर ईंट से हमला कर दिया और उनकी बहू की पिटाई कर दी। घायल किराना स्टोर संचालक ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस में दी है। वजीर ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे। दुकान से गांव का ही रहने वाला सादा तंबाकू लेकर गया था। थोड़ी देर बाद सादा अपने भाई सनौरा के साथ आया और तंबाकू खराब बताते हुए झगड़ा करने लगा। सादा ने उस पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उनके लड़के तिलक की पत्नी पूनम छुड़वाने लगी तो उसकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद उन्होंने बीच-बचाव के लिए शोर मचाया तो पड़ोस के लोगों को आता देख दोनों उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने सादा और सनौरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।