सोनीपत लघु सचिवालय में धरना स्थल पर नारेबाजी करते पटवारी व कानूनगो। संवाद
सोनीपत। वेतनमान में बढ़ोतरी व अन्य मांगों को लेकर पटवारियों व कानूनगो की हड़ताल वीरवार को भी जारी रही। साथ ही लघु सचिवालय परिसर में 37 दिन से धरना दिया जा रहा है।
जिला प्रधान सन्नी दहिया ने बताया कि वीरवार को सिरसा में उप मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव किया जाना था। उप मुख्यमंत्री कार्यालय से ही मांगों को पूरा करने के लिए फाइल पर कार्रवाई शुरू हो गई है। इस सूचना मिलने पर पटवारियों व कानूनगो ने उप मुख्यमंत्री आवास का घेराव को स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार से मांगों को पूरा करने की चिट्ठी उनके पास नहीं आ जाती तब तक वह अपनी हड़ताल निरंतर जारी रखेंगे। जिला प्रधान सन्नी दहिया ने कहा कि सरकार ने जिला प्रशासन को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत पटवारियों की भर्ती करने के आदेश दिए है। वह सरकार के उन आदेशों के खिलाफ है। वह पहले से ही इस भर्ती का विरोध कर रहे है। पटवारियों को भर्ती के लिए एक साल का प्रशिक्षण दिया जाता है। बिना प्रशिक्षण के कोई भी राजस्व विभाग के कार्यों को नहीं कर पाता। कौशल रोजगार निगम के तहत भर्ती होने वाले पटवारियों को जमाबंदी करने का ज्ञान भी नहीं होगा। ऐसे में वह राजस्व विभाग का काम कैसे पूरा कर पाएगा। उनकी सरकार से मांग है कि कौशल रोजगार निगम के तहत 1200 पटवारियों की भर्ती करने के आदेश वापस लिए जाए। साथ ही उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान मनीष, सुमित, संदीप, मुकेश, सतपाल, यशपाल, जगदीश, रामदास भी मौजूद रहे।