गोहाना। गठवाला खाप के राष्ट्रीय महासचिव अशोक मलिक ने कहा कि हिंदू मैरिज एक्ट में स्थानीय परंपराओं के अनुरूप बदलाव करना चाहिए। अगर कोई प्रेम विवाह करता है तो माता-पिता की सहमति अनिवार्य होनी चाहिए। साथ ही लिव इन रिलेशनशिप को समाप्त किया जाना चाहिए। इससे समाज में भाइचारा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों की हर ख्वाहिश पूरी करते हैं व लाड़ प्यार के साथ उनका पालन-पोषण करते हैं। लेकिन कई बार बच्चे अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लेते हैं। इससे समाज में आपसी भाईचारा खराब हो रहा है। यदि सरकार प्रेम विवाह में माता-पिता की सहमति का होना अनिवार्य करती है तो इसे समाज को फायदा मिलेगा। इस मांग को लेकर खाप का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।