खरखौदा। थाना कलां मार्ग पर खेत में बने एक घर में घुसकर चोरों ने अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब घर की देखरेख करने वाला युवक पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला। उन्होंने मकान मालिक को बताया, इसके बाद पुलिस को शिकायत देकर मकान की छह माह से देखरेख करने वाले युवक पर ही चोरी का संदेह जताते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है।
किशनगढ़, नई दिल्ली के रहने वाले देवेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने थाना कलां मार्ग पर खेती की जमीन ली हुई है जहां पर उन्होंने एक घर भी बनाया हुआ है। देवेंद्र का कहना है कि उन्होंने मकान की देखरेख करने के लिए सूरत सिंह व राजेश को रखा हुआ है, मंगलवार सुबह उन्हें सूरत सिंह ने फोन कर बताया कि मकान में चोरी हो गई है। मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर सामान चोरी कर ले गए हैं।
देवेंद्र का कहना है कि मकान से फ्रिज, गैस सिलिंडर, दो बैटरी, दो बड़े कूलर, कपड़े धोने की मशीन, गद्दे व एलसीडी चोरी हुई।
देवेंद्र का कहना है कि छह माह पहले उन्होंने एक युवक को मकान की देखरेख के लिए रखा हुआ था, उन्हें शक है कि उसी ने इस चोरी की वारदात का अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।