फोटो : सोनीपत के गन्नौर स्थित सीसीएएस जैन कन्या महाविद्यालय में रेडक्रॉस प्रशिक्षण लेती छात्र
गन्नौर। सीसीएएस जैन कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को रेडक्राॅस सोसाइटी की ओर से विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को दुर्घटना या आपदा की स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान करने के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं को हृदय गति रुकने की स्थिति में दी जाने वाली जीवन रक्षक प्रक्रिया, रक्तस्राव रोकने के उपाय, घायलों की देखभाल तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के महत्व के बारे में बताया गया। शिविर में काॅलेज की रेडक्राॅस इकाई और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की 150 छात्राओं ने भाग लिया। प्राचार्य डाॅ. मनोज ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को न केवल जागरूक बनाती हैं बल्कि उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील भी बनाती हैं।