सोनीपत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने वाले किसानों को भूमि सत्यापन, आधार लिंक (डीबीटी) और ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से जारी की जाने वाली 16वीं किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने ई-केवाईसी, बैंक खाता, आधार लिंक (डीबीटी) व भूमि सत्यापन करवा रखा है। किसानों से आग्रह किया कि वह जल्द अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर, डाकघर एवं प्ले स्टोर से पीएम किसान की एप डाउनलोड करके भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा भूमि सत्यापन के लिए संबंधित खंड कृषि कार्यालय व बैंक से आधार लिंक (डीबीटी) करवा लें। इससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।