संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले में कोहरे का सितम लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिसने ट्रेनों की गति पर ब्रेक लगाने का काम किया। खजुराहो से कुरुक्षेत्र जाने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस 20 घंटे तो डॉ. अंबेडकर नगर से माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली मालवा एक्सप्रेस 11 घंटे तक की देरी से चल रही है। इसके साथ ही अन्य लंबी दूरी की अन्य ट्रेनें घंटों देरी से चली। जिस कारण सवारी गाड़ियां भी प्रभावित रही। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ट्रेनों के देरी से चलने के कारण रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री कोहरे के बीच सर्दी से ठिठुरते हुए घंटों ट्रेनों का इंतजार करते रहे। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्री पूछताछ केंद्र पर जाकर तो कभी अपने मोबाइल पर ट्रेनों का स्टेटस जांच करते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ी। सुबह के समय काम पर जाने वाले यात्रियाें की स्टेशन पर भीड़ लगी रही। ट्रेन के आते ही चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का मुक्की होती रही। पहले आने वाली सवारी ट्रेनों में भारी भीड़ रही।
रोजाना 40 से 50 यात्री रद्द करवा रहे टिकट
ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण जहां यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं रेलवे को भी फटका लग रहा है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो स्टेशन पर रोजाना करीब 500 टिकटों की बुकिंग होती है। जिससे रेलवे को प्रतिदिन करीब 2.5 लाख रुपये की आमदनी होती है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार व पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होती है। घने कोहरे में ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण यात्री अपनी यात्रा निरस्त कर रहे हैं। यही कारण है कि रोजाना करीब 40 से 50 टिकटें निरस्त करवाई जा रही है। जिससे रेलवे को नुकसान हो रहा है।
अप ट्रैक की ट्रेनें
गाड़ी संख्या ट्रेन का नाम स्थित
11841 गीता जयंती एक्सप्रेस 20:06 घंटे
15707 आम्रपाली एक्सप्रेस 04:00 घंटे
12919 मालवा एक्सप्रेस 11:10 घंटे
11057 अमृतसर एक्सप्रेस 10:50 घंटे
14507 बठिंडा एक्सप्रेस 02:10 घंटे
04405 एचएनके सवारी गाड़ी 01:17 घंटे
12311 नेताजी एक्सप्रेस 01:50 घंटे
18309 संभलपुर एक्सप्रेस 01:05 घंटे
04471 पीएनजी सवारी गाड़ी 00:45 घंटे
12497 शान ए पंजाब 08:23 घंटे
डाउन ट्रैक की ट्रेनें
11078 झेलम एक्सप्रेस 04:32 घंटे
12460 सुपरफास्ट एक्सप्रेस 01:45 घंटे
04452 कुरुक्षेत्र-दिल्ली मेमू 01:50 घंटे
11842 गीता जयंती एक्सप्रेस 08:10 घंटे
12498 शान ए पंजाब 06:34 घंटे
वर्जन
कोहरे के कारण रेलवे यातायात प्रभावित रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण कुछ यात्री अपनी यात्रा स्थगित करते हुए टिकटें निरस्त करवा रहे हैं।-दीपक कुमार, जन संपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे, दिल्ली।