सोनीपत। मामा भांजा चौक के पास से बाइक पर दोस्त के साथ जा रहे ऑटो चालक का वैन सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। उन्होंने उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं उसके दोस्त को भी पीटा, मगर वह बचकर भाग निकला। ऑटो चालक को बड़वासनी के पास ले जाकर पीटा गया। वहां पर चालक को उसके दोस्त की पत्नी ने भी पीटा। बाद में सब्जी मंडी के पास फेंककर भाग गए।
सुदामा नगर निवासी अमित कुमार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह ऑटो चलाता है। वह रात 11 बजे अपने दोस्त राजन उर्फ गोलू के साथ उसकी बाइक पर सवार होकर मामा-भांजा चौक पर गया। वहां से उसे अपना ऑटो लेकर बहालगढ़ जाना था। इसी दौरान वहां पर वैन सवार गोहाना बाईपास सोनीपत निवासी मुकेश कुमार और उसका भाई मनोज दो अन्य के साथ पहुंचा। उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। राजन वहां से बचकर भाग गया। वैन सवार उसे वैन में डालकर सेक्टर-15 क्षेत्र के घर में ले गए। वहां पर राजन की पत्नी आनंदी मिली। उसने भी उसकी पिटाई की। वह उसे बड़वासनी में नहर के पास ले गए और बुरी तरह पीटा। उसके पैरों पर कई बार वार किए। आनंदी ने उसके सिर पर भी वार किया। उसे सब्जी मंडी के पास फेंककर भाग गए। उनका अपहरण आनंदी ने करवाया था। उसकी राजन के साथ अनबन है और कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। अमित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के बयान पर महिला समेत पांच के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।