गन्नौर। जमीन खरीदने का झांसा देकर दो लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर के साथ धोखाधड़ी कर करीब 20 लाख रुपये हड़प लिए। प्रॉपर्टी डीलर ने इसकी शिकायत बड़ी थाना पुलिस को दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र के पिपली के भगवान नगर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि वह पिपली में प्रॉपर्टी से जुड़े काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 6 मई को उनके पास कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम दीपक बताया और कुरुक्षेत्र में प्लाॅट लेने की बात कही। दीपक उनके पास अपने दो साथियों को लेकर आया।
इस दौरान उसके पास एक कॉल आई और दूसरी तरफ से बात कर रहे युवक ने खुद का नाम विजय तिवारी बताते हुए मुरथल में जमीन लेने की बात कही। इसके बाद दीपक उन्हें मुरथल लेकर गया। विजय तिवारी ने बताया कि वह अग्रवाल केमिकल फैक्टरी के मालिक के पीए हैं और कंपनी के लिए जमीन लेनी है। इसके बाद 1 जून को दीपक ने उसे जमीन दिखाई और विजय तिवारी के साथ मुरथल स्थित ढाबे पर मीटिंग करवाई। जहां जमीन को लेकर सौदा और कमीशन तय हुआ।
इसके बाद दीपक उन्हें पिपली खेड़ा निवासी सोनू नाम के किसान के पास ले गया। दीपक ने 2.50 लाख, विजय तिवारी ने 12.50 लाख व उसने 5 लाख रुपये इक्कट्ठे कर सोनू को करीब 20 लाख रुपये बयाने के दिए। जिसके बाद उन्होंने कच्चा बैनामा तैयार किया और उसमें गवाह के तौर पर गौरव व दीपक ने हस्ताक्षर किए। उस बैनामा को विजय तिवारी अपने साथ ले गया। जिसके बाद उसने दीपक व विजय तिवारी को पक्का बैनाम करने की बात कही। उन्होंने उसे अगले दिन टोल पर 11 बजे बुलाया।
वह जब टोल पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। बड़ी थाना प्रभारी युद्धवीर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।